फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Japan: पुरुषों को साफ-सफाई की हिदायत देना न्यूज एंकर को पड़ा भारी, नौकरी से निकाला बाहर; सोशल मीडिया पर गुस्सा

Sat, 24 Aug 2024 09:46 AM IST
काव्या मिश्रा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो

सार

यूरी कावागुची एक फ्रीलांस एंकर हैं, जो अपने फेमिस्ट विचारों के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर महिलाओं के अधिकारों और हितों को बढ़ावा देने की बात करती नजर आती हैं।
विज्ञापन
यूरी कावागुची - फोटो : एक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टोक्यो से एक अजीबोगरीब जानकारी सामने आई है। यहां एक टेलीविजन की न्यूज एंकर को पुरुषों की साफ-सफाई से जुड़ी आदतों की आलोचना करना महंगा पड़ गया। उसे नौकरी से तो हाथ धोना पड़ा ही, लेकिन अब सोशल मीडिया पर भी खरी-खोटी सुनने को मिल रही है। 

विज्ञापन


फ्रीलांस एंकर हैं कावागुची
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 29 साल की यूरी कावागुची एक फ्रीलांस एंकर हैं, जो अपने फेमिस्ट विचारों के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर महिलाओं के अधिकारों और हितों को बढ़ावा देने की बात करती नजर आती हैं। इतना ही नहीं, वह उत्पीड़न रोकथाम पर व्याख्याता के रूप में भी काम करती हैं। 

आलोचना के बाद हटाए पोस्ट
हालांकि, कावागुची सोशल मीडिया पर आजकल काफी चर्चाओं में हैं। दरअसल, उन्होंने पुरुषों के शरीर से आने वाली गंध को लेकर सोशल मीडिया पर एक सुझाव दिया था, जिसके कारण उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा था कि पुरुषों के शरीर से जो गंध आती है वो सहन करना मुश्किल होता है। इसलिए पुरुषों को अधिक बार नहाना चाहिए। हालांकि, अब यह पोस्ट हटा दिए गए हैं। 
विज्ञापन


पुरुषों की गंध को बताया असहनीय
सोशल मीडिया मंच एक्स पर कावागुची ने गर्मियों के दौरान पुरुषों से आने वाली गंध के बारे में अपनी निराशा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था, 'मुझे माफ करना अगर कोई व्यक्तिगत स्थिति है, लेकिन गर्मी के मौसम में पुरुषों से आने वाली गंध या अस्वस्थ लोगों के शरीर की गंध बर्दाश्त करने वाली नहीं होती है। इसलिए पुरुषों को अधिक बार नहाने और खुशबू वाले डिओडोरेंट का इस्तेमाल करने की सलाह है।'

यह सलाह भी दी
29 साल की महिला ने सलाह देते हुए कहा, 'मैं साफ रहना चाहती हूं, इसलिए मैं एक दिन में कई बार नहाती हूं। वाइप्स का इस्तेमाल करती हूं और साल भर पसीना रोकने के लिए कुछ चीजें लगाती हूं। मुझे लगता है कि अधिक से अधिक पुरुषों को ऐसा करना चाहिए।'

सोशल मीडिया पर आलोचना
कावागुची की पोस्ट से सोशल मीडिया पर गुस्सा भड़क गया। उनकी बातों को भेदभावपूर्ण बताया। एक यूजर ने कहा, 'केवल पुरुषों को दोष देना निस्संदेह भेदभाव है। महिलाओं, विशेष रूप से वृद्ध महिलाओं से भी गंध आ सकती है। मैं वास्तव में इससे असहज हूं।' फ्रीलांस एंकर की पोस्ट के बाद लोगों ने उनके तलाक सहित निजी जीवन के बारे में जमकर पढ़ा। उन्हें  भौतिकवादी महिला बताया। 

विवाद बढ़ा तो मांगी माफी
विवाद बढ़ने पर कावागुची ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और पोस्ट को हटा दिया। उन्होंने कहा, 'मैं इस पर गहराई से विचार करूंगी। भविष्य में, मैं अपनी बातों से किसी को चोट न पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करूंगी। मुझे वास्तव में खेद है।' 

नौकरी से निकाला बाहर
हालांकि, माफी के बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ। वॉयस नामक एजेंसी, जो उनका प्रबंधन करती है, ने एलान किया कि वह विपरीत लिंग का अपमान करने के कारण कावागुची के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट यानी अनुबंध खत्म कर रही है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि उसे कई शिकायतें और ईमेल मिले हैं। एक पेशेवर व्यक्ति द्वारा ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना जो दूसरों को चोट पहुंचाए वो हमारे सिद्धांतों के खिलाफ है। 

उत्पीड़न रोकथाम शिक्षा के लिए लेक्चरर के रूप में एंकर को काम पर रखने वाली एक अन्य फर्म ने भी उसका अनुबंध समाप्त कर दिया। लेकिन इन दोनों कंपनियों के फैसले की जापानी लोगों ने आलोचना की। जबकि कुछ ने कहा कि 29 वर्षीय की बर्खास्तगी जापान में पुरुष-प्रधान समाज में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाती है। हालांकि, इससे काफी लोग सहमत भी नहीं थे। 

लोगों ने महिला का लिया पक्ष
एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा, 'एक महिला पुरुषों को साफ-सुथरा रहने और शिष्टाचार बनाए रखने के लिए कहती है, फिर भी यह आक्रोश पैदा करता है। यह सिर्फ यह दर्शाता है कि जापान बहुत लंबे समय से पुरुष प्रधान समाज रहा है। कोई फर्क नहीं पड़ता कि पुरुष कितने गंदे हैं, जैसे ही एक महिला शिकायत करती है, वे उसे सजा दे देते हैं।'

एक अन्य ने कहा कि जापानी पुरुष इतने संवेदनशील क्यों हैं? वे थोड़ी सी आलोचना को संभाल नहीं सकते। महिलाओं से बिना किसी शिकायत के सुंदरता, स्वच्छता और फिटनेस बनाए रखने की उम्मीद की जाती है। फिर भी पुरुषों को ऐसी कोई उम्मीद नहीं है। अगर यह लैंगिक अंतर नहीं है, तो क्या है?'

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें