भारत के जैन आध्यात्मिक नेता लोकेश मुनि को अमेरिका में सम्मानित किया गया है। उनको सार्वजनिक भलाई और मानवता में योगदान के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के गोल्ड वालंटियर सर्विस पुरस्कार से नवाजा गया है।
अमेरिका में वरिष्ठ डेमोक्रेटिक सांसद ब्रैड शेरमैन ने मंगलवार को भारत में अहिंसा विश्व भारती और वर्ल्ड पीस सेंटर के संस्थापक मुनि को राष्ट्रपति पुरस्कार गोल्डन शील्ड और सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर से सम्मानित किया।
जो बाइडन ने दी बधाई
राष्ट्रपति जो बाइडन के हस्ताक्षर वाले पत्र में कहा गया है, 'मैं जनता की भलाई, देश और मानवता के लिए दिए योगदान के लिए आपको बधाई देता हूं।' गौरतलब है, राष्ट्रपति के स्वयंसेवी सेवा पुरस्कार के विजेताओं का चयन अमेरिकी सरकार की एक स्वतंत्र एजेंसी अमेरिकॉर्प्स द्वारा किया जाता है।
जिम्मेदारी बढ़ गईः मुनि
लोकेश मुनि ने कहा, 'अमेरिकन प्रेसिडेंशियल अवार्ड से सम्मानित होना गौरव की बात है किन्तु जिम्मेदारी अधिक बढ़ गई है।'
हम सभी पर निर्भर करती अमेरिका की कहानी
सांसद ब्रैड शेरमैन ने कहा, 'अमेरिका की कहानी हम में से किसी एक पर नहीं, हम में से कुछ पर नहीं, बल्कि हम सभी पर निर्भर करती है। मैं आपको जनता की भलाई में योगदान देने के लिए बधाई देता हूं और मुझे आपको राष्ट्रपति के गोल्ड वालंटियर सर्विस अवार्ड और देश के लिए आपकी 500 घंटे की सेवा देने के लिए गर्व है।'
चुनौतियों का समाधान खोजने में मदद कर रहे मुनि
उन्होंने आगे कहा, 'अपना समय और जुनून साझा करके, आप हमारे सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान खोजने और उन्हें सुलझाने में मदद कर रहे हैं। हम एक ऐसे समय में रह रहे हैं जो आशा, प्रकाश और प्रेम की राह देखता है। आशा है कि हमारा भविष्य आगे बढ़ने और एक-दूसरे के लिए प्यार करने का रास्ता देखेगा।'