समाचार पत्र 'द न्यूज एंड ऑब्जर्वर' की खबर के मुताबिक, सारिका बंसल कैरी टाउन काउंसिल की ओर से चुनाव लड़ रही हैं। यह चुनाव लड़ने वाली वह एकमात्र अश्वेत हैं। बंसल टाउन काउंसिल की नियमित बैठक में भाग ले रही थीं, तभी उन्हें बताया गया कि वेस्ट कैरी के हाईक्रॉफ्ट विलेज के पास में उनके प्रचार के साइन बोर्ड को क्षतिग्रस्त किया गया है।
खबर में बताया गया है कि ऐसा लग रहा था कि तस्वीर में बंसल के सिर वाली जगह को खरोंचा गया और उसके स्थान पर एक अश्वेत व्यक्ति के चेहरे की तस्वीर लगाई गई। सारिका ने चौंकाने वाली घटना बताया है और कहा कि वह अपने अभियान के किलाफ बर्बरतापूर्ण और नस्लवाद के कृत्य से दुखी हैं।
सारिका बंसल ने कहा, हमें अपने शहर में ताकत और एकता को बनाए रखने के लिए विविधता को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैरी शहर में भूरे या काले रंग के लोगों के खिलाफ नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उत्तरी कैरोलिना में किसी व्यक्ति के राजनीतिक संकेत को चोरी करना, विरूपित करना, तोड़फोड़ करना या हटाना अपराध है।
वहीं, मेयर हेरोल्ड वेनब्रेक्ट ने एक बयान में कहा कि इसकी तह तक पहुंचने के लिए हम सबकुछ करेंगे। उन्होंने कहा, यह नस्लवादी, घृणित कृत्य उन मूल्यों के बिल्कुल खिलाफ है, जो हमारे समुदायों को करीब लाते हैं।
खबर के मुताबिक, कैरी शहर में रहने वाली 180,000 की आबादी में 20 फीसदी एशियाई अमेरिकी हैं। बंसल ने कहा, वेस्ट कैरी को स्थायी नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा, टाउन काउंसिल में विविधता होने से उस बदलाव को लाने में मदद मिलेगी जिसकी हमें आज जरूरत है।
एक छोटे से व्यवसाय के मालिक और कैरी की निवासी बंसल ने पांच साल पहले मॉरिसविले में राज ज्वेल्स नाम से अपना व्यवसाय शुरू किया था। वह हाल के वर्षों में स्थानीय सरकार में सक्रिय रही हैं।
बंसल ने शुक्रवार को एक बयान में अन्य उम्मीदवारों से आह्वान किया कि वे एक ऐसा कैरी शहर बनाने के लिए काम करने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करें जो सभी पृष्ठभूमि और रंग के लोगों को स्वीकार करती है।
बंसल शहर की मौजूदा काउंसिल मैन रेयान ईड्स और नवोदित राहेल जॉर्डन के साथ त्रिकोणीय मुकाबले में हैं। अगर बंसल निर्वाचित होती हैं तो वह टाउन काउंसिल में सेवा देने वाली दूसरी अश्वेत महिला और पहली भारतीय अमेरिकी होंगी।