जनरल नरवणे रविवार को अपनी पहली इस्राइल यात्रा पर रवाना हुए थे। इस दौरान वह भारत-इस्राइल रक्षा संबंधों को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए यहां के वरिष्ठ सैन्य और नागरिक नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।
भारत के थल सेना प्रमुख (सीओएएस) जनरल एमएम नरवणे पहली बार इस्राइल की यात्रा पर पहुंचे हैं। नरवणे की यात्रा के पहले दिन सोमवार को एक समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भारतीय सेना ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
विज्ञापन
सेना ने कहा, इस्राइल की अपनी यात्रा के पहले दिन भारत के सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने इस्राइल के लैट्रन में गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। सीओएएस ने त्रुटिहीन टर्नआउट और परेड के लिए गार्ड को बधाई दी।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख सुरक्षा प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकों के माध्यम से इस्राइल और भारत के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाएंगे और रक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।