हॉलीवुड अभिनेता जॉर्ज क्लूनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से चुनावी दौड़ से पीछे हटने का सुझाव दिया। इसके पीछे हुए उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रपति फिर से चुनाव लड़ने के लिए बुजुर्ग हो चुके हैं। क्लूनी डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए फंड जुटाने वाले प्रभावशाली शख्सियतों में से एक हैं।
क्लूनी ने बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स में एक लेख में कहा, एक लड़ाई जो वह (जो बाइडन) जीत नहीं सकते हैं, वह है समय के खिलाफ लड़ाई। लेख में उन्होंने कहा कि बाइडन अब वह नहीं हैं, जो 2020 में थे। वह वहीं आदमी हैं, जिन्हें हम सभी ने डिबेट (जॉर्जिया की राजधानी अटलांटा में सीएनएन के स्टूडियो में डिबेट) में देखा है।
पिछले महीने क्लूनी ने बाइडन के लिए हॉलीवुड से 2.8 करोड़ रुपये का फंड जुटाने की मेजबानी की थी। इसे बाइडन के चुनावी अभियान ने किसी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के लिए अब तक चलाया गया सबसे बड़ा अभियान बताया था।
क्लूनी का यह लेख अमेरिकी संसद के प्रतिनिधि सभा की पूर्व स्पीकर नैन्सी पेलोसी के एक इंटरव्यू के कुछ ही घंटों के बाद सामने आया। पेलोसी ने इंटरव्यू में कहा था कि यह बात राष्ट्रपति पर निर्भर है कि वह चुनावी दौड़ में बने रहें या नहीं। उनके इस बयान ने डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर बाइडन को लेकर चल रही चर्चा में आग में ईंधन डालने का काम किया है।
पार्टी के भीतर बढ़ रही चिंताओं के बीच राष्ट्रपति बाइडन और उनके शीर्ष सहयोगियों का कहना है कि वह व्हाइट हाउस की दौड़ में बने रहेंगे। इससे पहले सोमवार को बाइडन ने शीर्ष दाताओं को आश्वस्त किया कि वह डिबेट के विवाद पर आगे बात नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने मंगलवार की रात डेमोक्रेटिक पार्टी के मेयरों के साथ एक वीडियो कॉल के दौरा फिर इसका जिक्र किया।
क्लूनी ने लिखा, हम इन राष्ट्रपति (बाइडन) के साथ नवंबर में चुनाव जीतने नहीं जा रहे हैं। हम सीनेट को खोने जा रहे हैं। यह केवल मेरी राय नहीं है, बल्कि हर सीनेटर, कांग्रेस सदस्य और गवर्नर की राय है, जिनसे मैंने निजी तौर पर बात की है। भले ही वह सार्वजनिक रूप से कुछ भी कह रहे हों।