बांग्लादेशी पीएम शेख हसीना (मध्य में) साइमा वाजेद (बायीं तरफ)
- फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर आ रही हैं। खास बात ये है कि उनके साथ उनकी बेटी साइमा वाजेद भी दिल्ली आ रही हैं। माना जा रहा है कि लॉबी करने के लिए साइमा वाजेद दिल्ली आ रही हैं। दरअसल साइमा वाजेद, विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्वी एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक पद के लिए दावेदारी पेश कर रही हैं। ऐसे में समर्थन जुटाने के लिए शेख हसीना के साथ उनकी बेटी साइमा वाजेद भी भारत का दौरा कर रही हैं।
पहली बार आधिकारिक दौरे पर भारत आ रहीं साइमा वाजेद
बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि जी20 सम्मेलन के दौरान साइमा वाजेद नई दिल्ली में मौजूद रहेंगी। यह पहली बार है कि साइमा वाजेद अपनी मां और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना के साथ किसी आधिकारिक दौरे पर भारत आ रही हैं। वाजेद एक ऑटिज्म विशेषज्ञ हैं और वह विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक के पद पर चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अपने पक्ष में देशों का समर्थन जुटाने के लिए साइमा वाजेद भारत का दौरा कर रही हैं। इससे पहले आसियान देशों के सम्मेलन में भी बांग्लादेशी राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के साथ साइमा वाजेद ने इंडोनेशिया का दौरा किया था।
भारत के लिए परेशानी
विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण पूर्वी क्षेत्रीय निदेशक के चुनाव में बांग्लादेश की साइमा वाजेद का मुकाबला नेपाल के शंभु प्रसाद आचार्य के साथ है। चूंकि भारत के बांग्लादेश और नेपाल, दोनों के साथ ही बहुत अच्छे संबंध हैं, ऐसे में किसी एक देश के नेता को चुनना भारत के लिए भी मुश्किल है। साइमा वाजेद ने अभी तक राजनीति में आने के संकेत नहीं दिए हैं लेकिन जिस तरह से वह अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में शीर्ष पदों पर काम करने में दिलचस्पी ले रही हैं, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वह देर-सबेर राजनीति में एंट्री कर सकती हैं।