फ्रांस में 12वीं सदी में निर्मित एक गिरिजाघर के शिखर पर भीषण आग लग गई। यह घटना फ्रांस के रूएन शहर की है। यहां 12वीं सदी में निर्मित नोट्रे-डेम डी रूएन गिरिजाघर के शिखर में आग लग गई।
मौके पर आपातकालीए सेवाएं तैनात
नोट्रे-डेम डी रूएन गिरिजाघर की गिनती फ्रांस के सबसे शानदार गिरिजाघरों में होती है। बताया गया है कि मौके पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। इसके अलावा मौके पर आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया है। यह गिरिजाघर फ्रांस की राजधानी पेरिस से उत्तर-पश्चिम की ओर 70 किलोमीटर दूर स्थित है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
रूएन शहर के मेयर निकोलस मायेर रासिग्नोल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि गिरिजाघर को खाली कराकर आग पर काबू पाया गया है। गिरिजाघर के चारों तरफ सुरक्षा घेरा लगाया गया है। निकोलस मायेर रासिग्नोल ने यह भी बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है।
गिरिजाघर में पुनर्निमाण कार्य चल रहा था
रुएन शहर अधिकारी कैरोलीन डुटार्टे ने बताया कि गिरिजाघर के शिखर को ढकने वाले एक तिरपाल में आग लग गई थी और अब आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने आगे बताया कि गिरिजाघर में पुनर्निमाण कार्य चल रहा था, इस वजह से शिखर को तिरपाल से ढका गया था। डुटार्टे के अनुसार इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और गिरिजाघर को भी अधिक नुकसान नहीं पहुंचा है।