अफगानिस्तान से विदेशी फौजों की वापसी प्रक्रिया के खत्म होने की तारीख के नजदीक आते ही तालिबान देश के महत्वपूर्ण काबुल हवाईअड्डे को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में लेने को तैयार है।
इस बीच इस्लामिक स्टेट-खुरासान प्रांत के आतंकियों के और हमलों की आशंका को देखते हुए शनिवार को हवाईअड्डे की सुरक्षा से अमेरिकी सैनिकों को हटाकर जिम्मेदारी तालिबान को सौंप दी गई थी।
देश की सत्ता पर काबिज तालिबान के एक अधिकारी ने बताया कि हमारे इंजीनियर और टेक्नीशियन हवाईअड्डे का प्रभार लेने के लिए से पूरी तरह से तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि हम काबुल हवाईअड्डे पर पूर्ण नियंत्रण हासिल करने के लिए अमेरिका की ओर से अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। दोनों ही पक्षों का मकसद इस प्रक्रिया को आसानी और सरलता से पूरा करना है।
शनिवार को काबुल हवाईअड्डे की सुरक्षा संभालने वाले तालिबान ने लोगों की भीड़ को अंदर घुसने से रोकने के लिए हवाईअड्डे को सील कर दिया। हवाईअड्डे की ओर जाने वाले सड़कों पर चेकप्वाइंट के नए लेयर बनाए गए हैं। इन चेकप्वाइंट पर तालिबान लड़ाकों को तैनात किया गया है।