अमेरिका में प्रख्यात भारतीय अमेरिकियों को भारतीय मूल के लोगों के वैश्विक संगठन जीओपीआईओ के वर्जीनिया स्टेट चैप्टर द्वारा सामुदायिक सेवा में उनके बेहतरीन काम करने के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ वीके राजू को चिकित्सा के क्षेत्र में, उद्यमिता में डॉ विक्रम राया, शिक्षा में राम बी गुप्ता, नवाचार और अनुसंधान में कोरक रे, पत्रकारिता में इंद्रजीत एस सलूजा, मीडिया में नीलिमा मेहरा, कला में विनीता तिवारी को पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
जीओपीआईओ वर्जीनिया के अध्यक्ष जय भंडारी ने कहा कि भारतीय अमेरिकियों ने इन दोनों महान राष्ट्रों की आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक प्रगति की दिशा में भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच मजबूत संबंध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने वाशिंगटन डीसी के वर्जीनिया उपनगर में एक छोटी सी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम आठ प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित कर रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता डॉन बेयर ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और साथ ही संयुक्त राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनके योगदान के लिए भारतीय अमेरिकियों की प्रशंसा की।
भारतीय अमेरिकी कांग्रेसी राजा कृष्णमूर्ति ने इस अवसर पर एक संदेश में कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था में भारतीय मूल के लोगों द्वारा किए गए महत्वपूर्ण चिकित्सा, विज्ञान और कला में उनके योगदान के सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के लिए आपका काम, एकता को बढ़ावा देता है और संयुक्त राज्य में भारतीयों द्वारा और भी बड़ी उपलब्धियों को प्रेरित करता है।