राजनाथ ने की ब्रिटेन के रक्षा मंत्री से बात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज ब्रिटेन के अपने समकक्ष ग्रांट शाप्स के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों मंत्रियों ने भारत-प्रशांत पर विशेष जोर देने के साथ कई रक्षा और सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने चल रही गतिविधियों की समीक्षा की और नए क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने घनिष्ठ रक्षा संबंध विकसित करने के तरीकों और साधनों की खोज की। ग्रांट शाप्स ने रक्षा मंत्री को निकट भविष्य में यूके आने का निमंत्रण दिया। रक्षा मंत्री ने उन्हें रक्षा राज्य सचिव के रूप में नियुक्ति पर बधाई दी।
S Jaishankar-David Cameron
- फोटो : ANI
जयशंकर ने कैमरन से मुलाकात की
इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को ब्रिटेन के नवनियुक्त विदेश मंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात की। दोनों के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड कैमरन से उनके कार्यकाल के पहले दिन आज दोपहर को मिलना खुशी की बात है। उनकी नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी। कैमरन के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति, यूक्रेन संघर्ष और इंडो-पैसिफिक पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।