दक्षिण कोरिया व हांगकांग में भी हालात गंभीर
सोमवार को दक्षिण कोरिया में 24 घंटे की अवधि में संक्रमण के 1,87,213 नए मामले दर्ज हुए हैं। पहली बार दैनिक मामले 25 दिनों में दो लाख से नीचे दर्ज किए गए हैं। देश में गंभीर रोगियों की संख्या फिलहाल 1,273 के रिकॉर्ड स्तर पर है। हांगकांग में एक दिन के भीतर 7,685 नए मामले सामने आए हैं। अफ्रीका में बीते 24 घंटों के दौरान 2,422 मामले सामने आए हैं। महाद्वीप में कोरोना के मामले बढ़कर 1,13,22,887 हो गए हैं।
इस्राइली पीएम बेनेट संक्रमित, भारत यात्रा अधर में
इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट सोमवार को संक्रमित पाए गए हैं। उनके मीडिया सलाहकार ने बताया कि 50 वर्षीय बेनेट 3 से 5 अप्रैल तक भारत दौरे पर जाने वाले थे। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि क्या उनकी यात्रा रद्द की जाएगी। बेनेट के कार्यालय ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और वह घर से काम जारी रखेंगे।
व्हाइट हाउस प्रवक्ता संक्रमित, मस्क को आशंका
यूरोप दौरे से राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ लौटने के बाद व्हाइट हाउस प्रवक्ता करीन जीन पायरे कोरोना संक्रमित हो गई हैं। पायरे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वे रविवार को एक बैठक में राष्ट्रपति से मिली थीं लेकिन इस दौरान पर्याप्त दूरी बनाए रखी। उधर, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भी खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की आशंका जताई है। 2020 के नवंबर में भी उन्होंने एक दिन में चार बार कोरोना टेस्ट कराए थे जिनमें से दो के नतीजे पाजिटिव और और दो नेगेटिव रहे।