चीन की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी एक्सपेंग के सीईओ ही जियाओपेंग ने कहा, शंघाई में हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो पूरे चीन में वाहनों का उत्पादन ठप हो जाएगा। उधर, दक्षिण कोरिया में कोविड संक्रमण के मामले धीर-धीरे घटने लगे हैं। बीते दिन में संक्रमण के 1,25,846 नए मामले सामने आए। अब तक 16,104,869 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
चीन में एक तरफ कोविड संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, वहीं जीरो कोविड नीति के तहत हो रहे अत्याचारों से लोग परेशान हैं। सोशल मीडिया पर तमाम लोग इन हालात में जीने से मौत को बेहतर बता रहे हैं, लेकिन सरकार का रुख नहीं बदल रहा है। कोविड नियम तोड़ने वाले हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया है,लेकिन सरकार नियंत्रित मीडिया ने इनकी संख्या नहीं बताई।
विज्ञापन
इस बीच, राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के मुताबिक, बीते एक दिन में शंघाई शहर में कोविड संक्रमण के 23,000 नए मामले दर्ज किए गए। बृहस्पतिवार को यह संख्या 27,000 थी। महामारी की शुरुआत के बाद से वुहान के बाद शंघाई कोविड से सबसे ज्यादा प्रभावित है। शहर के करीब 2.5 करोड़ लोग लॉकडाउन में हैं।
वाहन उद्योग ठप होने की आशंका
चीन की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी एक्सपेंग के सीईओ ही जियाओपेंग ने कहा, शंघाई में हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो पूरे चीन में वाहनों का उत्पादन ठप हो जाएगा।
शंघाई चीन का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र है। लॉकडाउन की वजह से आईफोन से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों के कलपुर्जों की वैश्विक आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है।
दक्षिण कोरिया में घटने लगा संक्रमण
विज्ञापन
दक्षिण कोरिया में कोविड संक्रमण के मामले धीर-धीरे घटने लगे हैं। बीते दिन में संक्रमण के 1,25,846 नए मामले सामने आए। अब तक 16,104,869 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, पिछले सप्ताह तक औसतन दो लाख मामले सामने आ रहे थे।
87 शहरों में लागू हैं प्रतिबंध
चीन के 100 में से 87 शहरों में फिलहाल लॉकडाउन या क्वारंटीन के कड़े नियम लागू हैं। इससे चीन की अर्थव्यवस्था के साथ ही वैश्विक आपूर्ति शृंखला प्रभावित हो रही है।