यहां पीएम मोदी ने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स से भी मुलाकात की।
विभिन्न नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकातों को लेकर विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रंगला ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के साथ बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अगले साल भारत और इस्राइल के राजनयिक संबंधों की 30वीं वर्षगांठ है। उन्होंने इसे लेकर बेनेट को भारत आने का न्योता भी दिया। बेनेट ने इस पर कहा कि मुझे भारत आकर बेहद खुशी होगी।
पीएम मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के साथ भी मिले। श्रंगला ने बताया कि यहां जेलेंस्की ने पीएम मोदी से कहा कि हमने आपको यूक्रेन आने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन कोविड-19 महामारी की वजह से आप आ नहीं पाए। इस पर मोदी ने उनसे कहा कि जब भी मौका मिलेगा मैं यूक्रेन की यात्रा करूंगा। जेलेंस्की ने टीके और सस्ते व गुणवत्तापूर्ण फार्मास्यूटिकल के लिए भी धन्यवाद कहा।
वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के साथ पीएम मोदी की बैठक को लेकर विदेश सचिव ने बताया कि देउबा ने नेपाल में भूकंप आने के बाद भारत की ओर से उपलब्ध कराई गई मदद की सराहना की। भारत ने नेपाल के गोरखा जिले में 50 हजार घरों और कई स्कूलों व अस्पतालों के निर्माण में मदद की थी। देउबा ने समय से कोविड टीके उपलब्ध करवाने के लिए भी पीएम मोदी को शुक्रिया कहा।
देउबा के जुलाई में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पीएम मोदी के साथ यह पहली मुलाकात थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी सुविधानुसार नेपाल की यात्रा करने का न्योता भी दिया। विदेश सचिव श्रंगला ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच सार्थक वार्ता हुई और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने समेत कोविड-19 महामारी के खिलाफ जारी प्रयासों को बढ़ाने पर भी सहमति जताई गई।
स्वदेश लौटने से पहले पीएम मोदी ने यहां भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की।