ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने पहले भाषण में यूके की जनता को कुछ सख्त उपाय लागू करने का संकेत दिया। रोज गार्डन में हुई एक सभा में ब्रिटिश पीएम ने कहा कि देश की आर्थिक और सार्वजनिक वित्तीय स्थिति को कंजर्वेटिव पार्टी ने बेहद खराब करके हमे सौंपा है। अब देश की नींव को ठीक करना हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए अक्टूबर में आने वाले बजट में सरकार को बेहद कड़े निर्णय लेने होंगे। इसके चलते आने वाला बजट काफी दर्द देने वाला हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बजट में लंबे समय की भलाई के लिए छोटे दर्द होंगे। हो सकता है कि कुछ ऐसे फैसले हों, जिससे जनता परेशान हो, लेकिन देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमारे कोई अन्य विकल्प नहीं है। इन कठिन आर्थिक निर्णयों का कारण टोरीज 14 वर्ष की सत्ता के अंत में छोड़ा गया 22 बिलियन पाउंड का ब्लैक होल होगा।
उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने वादा किया था सरकार देश की रोज सेवा करने वाले लोगों प्रशिक्षु, शिक्षक, नर्स, छोटे व्यवसाय के मालिक, अग्निशामक और हमारे समुदाय की सेवा करेगी, तो बिल्कुल ऐसा ही किया जाएगा। बस हमें चीजें कुछ अलग तरीके से करनी होंगीं। हम 14 साल की सड़ांध को खत्म करने, एक दशक की गिरावट को कम करने और नींव को दुरुस्त करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
ब्रिटिश पीएम बोले कि अब से लेकर क्रिसमस के बीच हम वैसे ही आगे बढ़ेंगे, जैसे हमने शुरू किया था। हम बात नहीं करेंगे, बल्कि काम करेंगे। करदाताओं के धन की सुरक्षा करने के लिए कानून लाएंगे और कड़े निर्णय लेंगे। उन्होंने कंजर्वेटिव के कर बढ़ाने की आलोचना का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हम चुनाव से पहले की स्थिति को लेकर ईमानदार हैं। हम किसी तरह की कर वृद्धि नहीं करने जा रहे हैं।
ब्रिटेन में हाल ही में हुए दंगों को लेकर उन्होंने कहा कि यह हिंसक झड़पें पूर्व सरकार के लुभावने वादों के कारण हुईं। पूर्व सरकार ने जनता को धोखा दिया। इसका इलाज एक साथ आकर ही किया जा सकता है। पीएम बोले कि हमारे पास एक ऐसा देश है, जिसे हमने कड़ी मेहनत के बाद मिलकर बनाया है। जो हम में से हर एक का है। आइए मिलकर इसे ठीक करें और गंदगी को साफ करें।