रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने मांग की है कि तालिबान को आतंकी संगठन का दर्जा दिया जाए। पार्टी ने कहा है कि अफगानिस्तान में इस समूह के नेतृत्व वाली सरकार में ऐसे कई कैबिनेट सदस्य हैं जिन्हें संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी घोषित कर रखा है। सांसदों ने विधेयक पेश कर मांग की है कि अफगानिस्तान की तालिबान नीत सरकार को मान्यता देने वाले देशों के खिलाफ भी प्रतिबंध लगाए जाएं।
सीनेटर मार्को रूबियो व अन्य ने ‘आतंकवादी देशों को मान्यता देने पर रोक कानून’ नामक विधेयक पेश किया जिसमें अमेरिका के विदेश मंत्री से कहा गया कि वह ‘अफगानिस्तान के गैरकानूनी इस्लामी अमीरात’ को आतंकवाद के प्रायोजक व तालिबान को एक आतंकी संगठन का दर्जा दें।
खतरा है तालिबान नियंत्रित अफगानिस्तान : रूबियो
सीनेटर मार्को रूबियो ने कहा, तालिबान नियंत्रित अफगानिस्तान हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा हितों, पश्चिम व मध्य एशिया में हमारे सहयोगियों के लिए सीधा खतरा हैं। उन्होंने कहा, बाइडन प्रशासन द्वारा अफगानिस्तान से सेना की दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से वापसी के चलते वह देश उन आतंकियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन रहा है जो अमेरिका से नफरत करते हैं।