विमान दक्षिणी कागायन डी ओरो शहर से सैन्य बलों को तैनाती के लिए सुलु ले जा रहा था। सैन्य बल सुलु के मुस्लिम बहुल प्रांत में अबु सैय्याफ आतंकवादियों के खिलाफ दशकों से लड़ रहे हैं। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्षेत्रीय सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल कोलेटो वानलुआन ने बताया कि इस बात की संभावना नहीं है कि विमान पर शत्रुओं ने हमला किया हो। उन्होंने उन प्रत्यक्षदर्शियों का हवाला दिया, जिन्होंने बताया कि विमान संभवत: रनवे से आगे निकल गया। सोबेजाना ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विमान रनवे पर नहीं उतर पाया। पायलट ने उसे फिर से नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।’’
वायु सेना के एक अधिकारी ने बताया कि जोलो रनवे देश के अन्य रनवे की तुलना में छोटा है और यदि वहां एक निश्चित स्थान पर विमान नहीं उतर पाता है तो पायलट के लिए उसे नियंत्रित करना कठिन हो जाता है। जोलो से कई बार सैन्य विमान उड़ा चुके अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर यह जानकारी दी।
उष्णकटिबंधीय दबाव बनने के कारण फिलीपीन के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है, लेकिन तस्वीरों में दिखा है कि सुलु क्षेत्र का मौसम ठीक था। सुलु के मुख्य शहर जोलो में हवाईअड्डा पर्वतीय क्षेत्र से कुछ किलोमीटर दूर स्थित है। इस क्षेत्र में सैन्य बल अबु सैय्याफ के खिलाफ लड़ रहे हैं। कुछ आतंकवादी इस्लामिक स्टेट संगठन से जुड़े हैं।
अमेरिका और फिलीपीन ने बमबारी, फिरौती के लिए अपहरण करने और सिर कलम करने के मामलों के कारण अबु सैय्याफ को काली सूची में डाल दिया है। हालांकि, अबु सैय्याफ समूह सैन्य कार्रवाई के कारण पिछले कुछ साल में कमजोर हुआ है, लेकिन यह अब भी खतरा बना हुआ है।