अफगानिस्तान में बिगड़े हालात के बीच अमेरिका के दो प्रतिनिधियों ने काबुल की अनाधिकृत यात्रा की थी। इसे लेकर दोनों ने कहा है कि हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हमें बाइडन प्रशासन की ओर से निकासी कार्य के बारे में कोई जवाब नहीं मिला था।
मैसाचुसेट्स के डेमोक्रेट प्रतिनिधि सेठ मौल्टन और रिपब्लिकन ऑफ मिशिगन के प्रतिनिधि मीटर मेयर ने मंगलवार को चुपचाप काबुल जाकर वाशिंगटन को हैरत में डाल दिया। दोनों अफगानिस्तान में अमेरिकी और अफगान नागरिकों की निकासी के हालात देखने अनधिकृत रूप से काबुल गए थे।
विज्ञापन
इराक युद्ध में सेवाएं देने वाले ये दोनों प्रतिनिधि अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाइडन प्रशासन के फैसले के बड़े आलोचक के रूप में सामने आए हैं। ये दोनों एक व्यावसायिक उड़ान से संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे और यहां से एक सैन्य विमान के जरिए अफगानिस्तान की राजधानी पहुंचे।
उन्होंने वहां मौजूद विदेश विभाग के अधिकारियों और अमेरिकी कमांडरों से बात की और जमीनी हालात का जायजा लिया। दोनों प्रतिनिधियों की ओर से की गई आलोचना से पहले ही नाराज राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के अधिकारियों के गुस्से में उनकी इस यात्रा ने आग में घी डालने का काम किया है।
विज्ञापन
व्हाइट हाउस ने बताया कितने लोग निकाले गए
वहीं, व्हाइट हाउस ने गुरुवार को बताया कि 25 अगस्त सुबह तीन बजे (ईडीटी) से 26 अगस्त सुबह तीन बजे तक अफगानिस्तान से लगभग 13,400 लोगों को निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि 17 अमेरिकी सैन्य विमानों ने काबुल के करीब 5100 लोगों को निकाला है। इसके अलावा 74 विमानों से करीब 8300 लोग निकाले गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 14 अगस्त से अमेरिका लगभग 95,700 लोगों को निकाल चुका है या निकालने में मदद कर चुका है।