आरसीबी आईपीएल के दूसरे चरण में अपना पहला मैच 20 सितंबर को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलेगी।
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल शुरू होने में अब बस कुछ दिनों का वक्त रह गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली और मोहम्मद सिराज दुबई में फ्रेंचाइजी से जुड़ गए हैं। हालांकि, वे टीम से जुड़े 5 नए खिलाड़ियों से बेहद खुश हैं।
दरअसल, चोट और निजी कारणों से टीम के 5 खिलाड़ी सीजन के बाकी बचे 31 मैच नहीं खेलेंगे। इनमें वॉशिंगटन सुंदर और एडम जम्पा जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल हैं। टीम से जुड़े नए खिलाड़ियों में श्रीलंका के रहस्यमयी फिरकी गेंदबाज वानिंदु हसारंगा और सिंगापुर के बल्लेबाज टिम डेविड शामिल हैं।
नए खिलाड़ी यूएई में कर सकते हैं कमाल
फ्रेंचाइजी से जुड़ने के बाद विराट ने कहा कि मैं सभी खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट से संपर्क में था। हम पिछले काफी समय से बदलाव को लेकर विचार कर रहे थे। अब हमने अपने महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों से बदला है। जो इस बार टीम से नहीं जुड़ पाए, उन्हें हम मिस करेंगे। जो नए खिलाड़ी जुड़े हैं, उनमें गजब की प्रतिभा है। यूएई के पिच पर वे अच्छा कर सकते हैं। हमने पहले चरण को जहां पर छोड़ा था, वहीं से शुरू करना चाहते हैं।
सिंगापुर के टिम डेविड भी आईपीएल खेलेंगे
ऑस्ट्रेलिया के केन रिचर्डसन, एडम जम्पा और डेनियल सैम्स, न्यूजीलैंड के फिन एलेन और भारत के वॉशिंगटन सुंदर आईपीएल फेज-2 में नहीं खेल पाएंगे। इनकी जगह फ्रेंचाइजी ने इंग्लैंड के अनकैप्ड प्लेयर जॉर्ज गार्टन, श्रीलंका के हसारंगा और दुष्मंत चमीरा, सिंगापुर के टिम डेविड और भारत के आकाश दीप को शामिल किया है।
विराट की टीम अंक तालिका में तीसरे नंबर पर
आईपीएल का दूसरा चरण 19 सितंबर से 15 अक्टूबर तक यूएई में खेला जाएगा। लीग की अंक तालिका में फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉप पर है। वहीं CSK दूसरे नंबर और विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे नंबर पर है। आरसीबी दूसरे चरण का अपना पहला मैच कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 20 सितंबर को खेलेगी।