काशीपुर में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। रात में सड़कों पर आने जाने वाले वाहनों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टॉपेज, पब्लिक प्लेस पर चेकिंग अभियान चल रहा है। आईजी (कुमाऊं) रिद्धिम अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर हाई अलर्ट के संबंध में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा वह हाई अलर्ट के मद्देनजर सघन चेकिंग अभियान चलाएं। साथ ही सत्यापन अभियान नियमित रूप से चलाया जाए। सीओ दीपक सिंह ने बताया पुलिस की अलग-अलग पुलिस टीमें अलग-अलग स्थान पर आने जाने वाले वाहनों को रास्ते में कहीं भी रोक कर चेक कर रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदेह होने पर रेलवे स्टेशन व बस स्टॉपेज पर यात्रियों के सामान की भी चेकिंग की जा रही है।