ऊधमसिंह नगर जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व धूमधाम व हर्षाेल्लास से मनाया गया। कलेक्ट्रेट व सिटी क्लब में डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी और पुलिस लाइन में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। डीएम ने सभी को संविधान व नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों को फूलमाला व अंगवस्त्र भेटकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दर्शन सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारी बूथा देवी, प्रीत कौर सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिजन अमरजीत सिंह, चन्द्रा सिंह, अमनजीत सिंह, रम्भा सिंह, विजय नाथ, शांति देवी, जीतेश राय, दलबीर सिंह, सोहरन सिंह, आनंद मणि, भगवान सिंह, हरविंदर सिंह को सम्मानित किया गया।डीएम ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व बलिदानियों को नमन करते हुए कहा हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की परिकल्पनाओं को साकार करना है व देश समाज के विकास में अपनी पूर्ण सहभागिता निभानी होगी।