श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बाबा केदार के दर्शनों के लिए केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचते रहे। बाबा केदार के जयकारों से धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा। अब तक 14 लाख 45 हजार 946 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से धाम में रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। श्रावण के अंतिम सोमवार को देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।