जिला प्रधान संगठन का चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। बैठक में विभिन्न विकासखंडों के प्रधान संगठन के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने सर्वसम्मति से विजयपाल जगवाण को जिला प्रधान संगठन का अध्यक्ष तथा राकेश मोहन बिष्ट को महामंत्री चुना। जिलाध्यक्ष विजयपाल जगवाण कहा जो दायित्व हमें प्रधान के रूप में गांव वालों ने दिया है उन जिम्मेदारियां को हम पूरी तरह से निभाएंगे। उन्होंने जिला योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों में व्याप्त विसंगतियों पर भी बात रखी। साथ ही ग्राम प्रधानों से प्रतिदिन दो समय उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जनपद की कई ग्राम सभाओं में नेटवर्क की गंभीर समस्या है, ऐसे में यह व्यवस्था व्यवहारिक नहीं है और इस पर पुनर्विचार करना जरूरी है। महामंत्री राकेश मोहन बिष्ट ने कहा कि ग्राम प्रधानों की मूल भूमिका योजनाओं को धरातल पर उतारने की है, लेकिन यदि इसमें बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं तो संगठन अपने अधिकारों के लिए संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा। प्रधान संगठन के जखोली ब्लॉक अध्यक्ष अजय पुंडीर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए। जहां उत्तर प्रदेश में प्रधानों को 15 हजार रुपये मानदेय मिलता है, वहीं उत्तराखंड में इसे 3500 रुपये तक सीमित रखना अनुचित है।