रुड़की में कॉस्मेटिक की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगने से पूरा सामान जलकर खराब हो गया है। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। लंढौरा के वार्ड नंबर एक निवासी प्रेमपाल की लंढौरा बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान है। शुक्रवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में दुकान से आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा और मौके पर पहुंचे। साथ ही सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान स्वामी को सूचना दी। इस बीच दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस पर सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खराब हो चुका था। वहीं, लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा ने बताया कि प्रथमदृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगना प्रतीत हो रही है।