काली नदी किनारे तटबंध निर्माण के दौरान नेपाल के कुछ लोगों ने भारतीय जेसीबी ऑपरेटर को बंधक बना लिया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद करीब पांच घंटे बाद उसे छोड़ा गया। नेपाल के नागरिकों की इस हरकत से भारतीयों में आक्रोश है। काली नदी के कटाव से धारचूला नगर की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग तटबंध निर्माण का कार्य कर रहा है। रविवार सुबह करीब 11 बजे एक जेसीबी काली नदी में रास्ता बनाते समय तेज बहाव के साथ नेपाल की ओर बह गई। इसी दौरान नेपाल से आए कुछ लोगों ने जेसीबी सहित ऑपरेटर भाष्कर पाठक को बंधक बना दिया।