चीन और नेपाल सीमा से सटे दारमा और व्यास घाटी के गांवों में शुक्रवार देर रात से तेज हवाओं के साथ बर्फबारी जारी है। इससे उच्च हिमालयी क्षेत्र में सुरक्षा को मुस्तैद जवान और ग्रामीणों को पानी और संचार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही बीआरओ का सड़क निर्माण कार्य भी बाधित हुआ है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में तैनात एसएसबी एफ समवाय गुंजी के प्रभारी निरीक्षक अविरंजन कुमार के नेतृत्व में जवानों के नेपाल सीमा से सटे गुंजी से नपलच्यू तक तीन से चार किमी तक दो फुट से अधिक बर्फबारी में गश्त जारी रखी। बल के जवान गर्ब्यांग, गुंजी, कालापानी आदि पोस्ट में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड में सीमा की सुरक्षा में जुटे हैं।दारमा घाटी स्थित हिमालय ब्लूशिप होम स्टे संचालक गुड्डू जंग और भूपेश दताल ने बताया कि क्षेत्र के 14 गांवों में सीजन की तीसरी बर्फबारी जमकर हुई है। बर्फबारी के कारण संचार सुविधा और सड़क बंद होने से गांव में कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। बर्फबारी से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। प्राकृतिक स्रोत और नल में पानी जमने से पंचाचूली में पर्यटकों के साथ होम स्टे संचालक बर्फ पिघलाकर पीने को मजबूर हैं।