राष्ट्रीय खेलों के तहत बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने देश के 208 मुक्केबाज पिथौरागढ़ पहुंच गए हैं। मुक्केबाज शुक्रवार को रिंग में उतरेंगे। स्पोर्ट्स कॉलेज के बहुउद्देशीय हॉल में बने रिंग में ये मुक्केबाज अपने पंच का दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हॉल में एक हजार दर्शक इस आयोजन का गवाह बनेंगे। राष्ट्रीय खेलों के तहत पिथौरागढ़ मुक्केबाजी की मेजबानी कर रहा है। बृहस्पतिवार को मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बहुउद्देशीय हॉल में दो रिंग तैयार हैं इनमें देश के 208 मुक्केबाज अपने प्रदेश को पदक दिलाने के लिए उतरेंगे। बृहस्पतिवार को सभी मुक्केबाज अपनी ऑफिशियल टीम के साथ पिथौरागढ़ पहुंची। वहीं आयोजन के नोडल अपर सचिव आनंद स्वरूप ने भी डीएम विनोद गोस्वामी और एसपी रेखा यादव के साथ स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नोडल ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हैं। सीमांत जिला राष्ट्रीय खेलों के तहत मुक्केबाजी की मेजबानी के लिए तैयार है।