कांग्रेस ने मुवानी में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख जताते हुए शोकसभा कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यकर्ताओं ने दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख और घायलों को एक लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी के नेतृत्व में शोकसभा की। वक्ताओं ने कहा कि सातशिलिंग-थल सड़क के सुधारीकरण के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए। आरोप लगाया कि भाजपा के ठेकेदारों को इसका कार्य दिया गया। सड़क का सुधारीकरण तो नहीं हुआ लेकिन यह ठेकेदारों के लिए पैसा कमाने का जरिया बन गई और सड़क आज भी बदहाल है। ऐसे में इस दुर्घटना के पीछे सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। शोकसभा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश रावल, पार्षद राहुल लुंठी, सुभाष पांडे, भूपेश नगरकोटी, दीपक लुंठी आदि शामिल रहे।