यदि नए शिक्षा सत्र में हर पात्र बच्चे को आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिला तो जाग उठा पहाड़ फिर से आंदोलन शुरू करेगा। जाग उठा पहाड़ के संयोजक गोपू महर ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम विनोद गोस्वामी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले दो शिक्षा सत्र में 400 बच्चों को आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिल पाया था। अभिभावक निजी स्कूलों के चक्कर काटते रहे लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा। उन्होंने कहा कि नया शिक्षा सत्र शुरू होने में कुछ ही समय शेष है। अभी से प्रशासन और शिक्षा विभाग को पात्र बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को आरटीई के तहत सीट की संख्या सार्वजनिक करनी चाहिए। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया तो संगठन फिर से आंदोलन के लिए मजबूर होगा। उन्होंने विद्यालयों को प्रतिपूर्ति की धनराशि समय से उपलब्ध कराने की भी मांग की।