पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद श्रीनगर में विगत चार दिनों से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। नगर निगम एवं जल संस्थान द्वारा टैंकर लगाकर विभिन्न मोहल्लो में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। नगर के हनुमान मंदिर रोड पर शनिवार शाम को जब पानी का टैंकर आया तो पानी भरने वालों की लंबी लाइन लग गई। स्थानीय निवासी अंजनी भंडारी, आशा भट्ट, रघुनंदन पूरी एवं युद्धवीर सिंह भंडारी ने बताया कि विभाग द्वारा पेयजल की सुचारू आपूर्ति नहीं कराई जा रही है। उन्होंने जल संस्थान द्वारा पानी के बढ़े हुए बिल भेजे जाने पर आक्रोश भी जताया। कहा कि अलकनंदा किनारे रहने वाले लोगों के घरों पर विभाग द्वारा पेयजल के भारी भरकम बिल भेजे जा रहे हैं और लोग पानी के लिए लंबी लाइनों पर लगने को मजबूर हैं।