नैनीताल में विभिन्न संगठनों के बैनर तले बृहस्पतिवार को हुए कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान घटित मुजफ्फरनगर कांड में जान गवाने वाले आंदोलनकारियों को श्रंद्धाजलि दी गई। राज्य आंदोलनकारियों ने दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही नारेबाजी कर लद्दाख के सोनम वांगचुक की रिहाई की भी मांग की। राज्य आंदोलनकारी व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने तल्लीताल डांठ पर प्रदर्शन किया। लोगों ने गांधी मूर्ति के समीप मुजफ्फरनगर कांड के शहीदों को श्रंद्धाजलि दी। साथ ही हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया। आंदोलनकारियों ने कहा कि जिस अवधारणा के साथ उनके साथियों ने अलग राज्य बनाने के लिए आंदोलन किये, वह सपनों का उत्तराखंड आज कही भी नहीं दिखता। राज्य को 25 साल में स्थाई राजधानी नहीं मिल पाई है। रोजगार की आस लगाए युवाओं को पेपर लीक जैसी पीड़ा सहनी पड़ रही है। उन्होंने सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार से उनको तत्काल रिहा करने की मांग की। धरना देने वालो में राजीव लोचन साह, दिनेश उपाध्याय, जसी राम आर्य, महेश जोशी, तारा सिंह बिष्ट, माया चिलवाल व पंकज भट्ट समेत अन्य लोग शामिल रहे।