भीमताल में बढ़ते नशे की रोकथाम को लेकर शुक्रवार को एसडीएम नवाजिश खलीक के नेतृत्व में पुलिस, ड्रग्स और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भीमताल के डोब ल्वेशाल स्थित दुकानों, मेडिकल स्टोर और पीजी में छापेमारी की। एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि क्षेत्र के निजी प्रतिष्ठित कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को नशे की सामग्री सप्लाई करने की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा शिकायत के आधार पर छापेमारी अभियान चलाते हुए डोब ल्वेशाल की दुकानों, मेडिकल स्टोर और पीजी में जांच की गई। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान के तहत नशे की सामग्री तो बरामद नहीं की गई। लेकिन नशे की सप्लाई होने की शिकायत मिली है। एसडीएम ने कहा कि युवाओं को अवैध नशे की सप्लाई कौन लोग कर रहे हैं इसके लिए प्रशासन और पुलिस की टीम लगी हुई है। उन्होंने मेडिकल स्टोर और दुकान संचालकों को गलत तरीके से नशे की सामग्री सप्लाई करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीओ रविकांत सेमवाल ने भी कहा कि अवैध नशे को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोतवाल राजेश यादव, ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद, पटवारी राकेश कठायत आदि मौजूद रहे।