बलियानाला भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का सांसद अजय भट्ट ने जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में भूस्खलन रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कहा कि आधुनिक तकनीक से हो रहे सुरक्षा कार्य से नैनीताल की नींव को मजबूती मिलेगी। सांसद भट्ट ने बताया कि पूर्व में करीब 177.91 करोड़ की लागत से रोकथाम के कार्य होने थे, लेकिन अब परियोजना की लागत बढ़कर 298.93 करोड़ पहुंच गई है। इसमें से सरकार की ओर से 125 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। सांसद ने कहा कि बलियानाला में भूस्खलन रोकथाम के कार्य संतोषजनक हैं। कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से 90 परिवारों को अन्यत्र विस्थापित किया जाना था, लेकिन सुरक्षात्मक कार्य होने से भूस्खलन रुकने की उम्मीद है। कहा कि आधुनिक तकनीक से पहाड़ी के मुहाने को 45 डिग्री का ढलान देकर उपचार दिया जा रहा है। जल्द ही चीनापीक, टिफिन टॉप और चार्टन लॉज क्षेत्र में भी आधुनिक तकनीक से बचाव कार्य किए जाएंगे।