जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधन बिल के खिलाफ शुक्रवार को अधिवक्ताओं के विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। नैनीताल के जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने बिल की प्रतियां जलाई और न्यायिक कार्य से विरत रहे। बाद में बार पदाधिकारियों ने एडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति व कानून मंत्री को ज्ञापन भेजा। जिला बार के अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी ने कहा कि बिल में जो संशोधन लाए जा रहे है, वे अधिवक्ताओं के हित में नहीं हैं, इसलिए इसे वापस नहीं लिए जाने तक विरोध किया जाएगा। सचिव संजय सुयाल ने कहा कि बिल अधिवक्ताओं की आजादी छीन रहा है। कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल व आंदोलन किया जाएगा। सभा को वरिष्ठ अधिवक्ता ज्योति प्रकाश बोरा, मनीष मोहन जोशी, भगवत प्रसाद, बलवंत सिंह, राजेंद्र कुमार पाठक, अनिल बिष्ट और सुंदर ने भी संबोधित किया l वहां अधिवक्ता प्रीति साह, अनिल बिष्ट, भरत भट्ट, अखिल साह, पंकज सिंह बिष्ट, मनीष कांडपाल, यशपाल आर्या, भानु प्रताप मौनी, पंकज कुमार, सरिता बिष्ट, तारा आर्या, मुन्नी आर्या, आकांक्षा आर्या, सिम्मी कपूर आदि थे।