यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में लोगों ने विद्युत सब स्टेशन कस्याली में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। विनोद डबराल ने कहा कि बारिश होने या बारिश की संभावना के दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली बंद कर दी जाती है। लगातार विद्युत कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बंद रहने से गुलदार और अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ जाता है। क्षेत्र में पहले भी बघेरा मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है, जिससे काश्तकारों की आय प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और विद्युत विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता व्यापक आंदोलन करेगी।