फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotdwar: छात्र की मौत पर बिफरे क्षेत्रवासी, पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन

एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं अध्ययनरत छात्र की मौत के मामले में लालपुर, ध्रुवपुर व सिमलचौड़ के क्षेत्रवासी भड़क गए। मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे व मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा है। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने पहुंचे और वहां भी पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मंगलवार को लालपुर, ध्रुवपुर व सिमलचौड़ के क्षेत्रवासी मालवीय उद्यान में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तहसील तक जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है। दिनभर यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशेड़ियों के कारण महिलाएं चारापत्ती लेने तक नहीं जा पा रही हैं। कहा कि क्षेत्र के अन्य जगहों में भी गली मोहल्लों में खुलेआम अवैध रूप से शराब, स्मैक, चरस, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। जिससे नगर के युवा विशेषकर छात्र नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसके कारण जहां सामाजिक माहौल दूषित हो रहा है। वहीं असमाजिक गतिविधियां एवं अपराधों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि नशे के कारण ही क्षेत्र के एक छात्र की असमय मौत हो गई है। उन्होंने शराब व मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, नियमित अभियान चला दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम संदीप कुमार ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया कि वह पुलिस प्रशासन से वार्ता कर नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें