चंपावत राजकीय इंटर कॉलेज सिप्टी में क्षेत्र पंचायत चंपावत की द्वितीय बैठक ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कूड़ा वाहन चलाने और इसके लिए प्रति ग्राम पंचायत 300 रुपये यूजर चार्ज प्रति पंचायत लिए जाने पर सहमति बनी। विकास से जुड़े 105 से अधिक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर ब्लॉक समग्र और सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों के सुधार, सोलर लाइट स्थापना, पुस्तकालय निर्माण, मार्ग सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से सदन में उठाया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आदर्श चंपावत के निर्माण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाई। बैठक में सहमति बनी कि अब ब्लॉक में सीसी मार्गों के स्थान पर इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य कई जनहितकारी प्रस्तावों पर भी सदन की सहमति प्राप्त हुई। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की ओर से रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया। सीडीओ डॉ. जीएस खाती ने कहा कि ग्राम पंचायतों में आयोजित खुली बैठकों में आम सहमति से पारित प्रस्तावों को ही क्षेत्र पंचायत की बैठक में विचारार्थ रखा जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के लिद अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान दायित्वधारी श्याम नारायण पांडेय, अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, ज्येष्ठ प्रमुख मनोज जोशी, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य सतीश पांडेय, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, एसडीएम सदर अनुराग आर्य, बीडीओ अशोक सिंह अधिकारी आदि मौजूद रहे।