शुक्रवार की शाम और रात को हुई बारिश से मुसीबत बन गई। बारिश के चलते थराली–देवाल मोटर मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ के तालाब बन गए हैं, जिससे वाहनों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। थराली भैरव मार्केट में पूरी सड़क पर करीब तीन फीट गहरा तालाब बन गया है, जिससे पैदल आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। दुपहिया और चौपहिया वाहन कीचड़ में आधे तक डूबकर निकल रहे हैं। वाहनों के चलने से गंदा कीचड़युक्त पानी दुकानों में घुस रहा है, जिससे व्यापारी और स्थानीय निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि यदि हल्की बारिश में यह हाल है तो बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर लगाए गए टाइल्स में उचित ढलान नहीं दी गई, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि पानी की निकासी के लिए जेसीबी मशीन लगाई जा रही है।