विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नारायणबगड़ क्षेत्र की खांखरखेत-कौनपुरगढ़ पर्यटन विकास समिति गडीनी द्वारा ज्ञानसैंण में पर्यावरण एवं पर्यटन फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र को इको टूरिज्म के रूप में विकसित कर पर्यटकों और शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था। इस अवसर पर वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण किया गया, वहीं महिला मंगल दलों खैनोली, गडकोट, कंसोला, मरोड़ा और स्यूंटा की महिलाओं ने पारंपरिक चाछड़ी और झुमैलो की शानदार प्रस्तुतियां दीं। युवाओं के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच भी खेला गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष देवराज रावत ने बताया कि इस क्षेत्र में फॉरेस्ट ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग, हेरिटेज ट्रेल, इको कैंपिंग और नेचर एडवेंचर जैसी गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटक यहां की बर्फीली चोटियों, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध लोकसंस्कृति का अनुभव कर सकते हैं।