बागेश्वर नगर के सरयू पुल तिराहे के समीप रेस्टोरेंट में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रभावित व्यापारी ने नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। शनिवार को दोहपर बाद करीब डेढ़ बजे शैलेंद्र पांडेय के रेस्टारेंट की किचन में रोजाना की तरह खाना बना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चिकन में तड़के लगाते समय उठी आग की लपट से रसोई में बने चिमनी में आग लग गई। किचन संभाल रहा कर्मचारी कुछ समझता इससे पहले ही आग की लपटों ने छत को चपेट में ले लिया। चिमनी और प्रवेश द्वार से भारी मात्रा में काला धुंआ बाहर निकलने लगा। कुछ ही देर में पूरे रेस्टाेरेंट में आग फैल गई। रेस्टोरेंट में बैठे लोग अचानक बाहर की तरफ भागे। समीप ही यातायात नियंत्रण की ड्यूटी संभाल रहे पुलिस कर्मी एलएम पांडेय ने तत्काल फायर सर्विस को आग लगने की सूचना दी। प्रभारी अग्निशनम अधिकारी गणेश चंद्र के नेतृत्व में दकमल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सरयू नदी में पंप लगाकर पाइप की जरिए पानी दुकान तक पहुंचाया। फायर कर्मियों ने दुकान के भीतर से फर्नीचर और अन्य सामग्री को बाहर निकाला और मशक्कत के बाद आग पर काबू किया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोका। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, सीओ अजय लाल साह भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। रेस्टाेरेंट संचालक के अनुसार आग से 10 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।