बागेश्वर में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। सबसे पहले जिला अधिकारी आशीष भटगांई ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया और कहा कि स्वतंत्रता अमूल्य है। देश निर्माण में हर व्यक्ति, अपने कार्यक्षेत्र में, ईमानदारी और निष्ठा से योगदान दे सकता है। कलेक्ट्रेट में समारोह के बाद मुख्य कार्यक्रम नुमाइशखेत मैदान में आयोजित हुआ, जहां भव्य स्वतंत्रता दिवस उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर जिला अधिकारी आशीष भटगांई एवं पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सांस्कृतिक दलों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने शिक्षकों की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि वे संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सरयू-गोमती तट पर हुए कुली बेगार आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आंदोलन ने महात्मा गांधी को बागेश्वर आने के लिए प्रेरित किया।