बागेश्वर में गृहमंत्री के बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर पर दिए बयान के विरोध में कांग्रेसियों ने गांधी पार्क में धरना दिया। पार्टी के जिला संगठन मंत्री ने एक घंटे का मौन उपवास किया। समर्थन में कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे। कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष के साथ भाजपा सांसदों की ओर से किए गए दुर्व्यहार के विरोध में भी नारेबाजी की। कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री कवि जोशी ने कहा कि संसद में भाजपा सांसदों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करके ओछी राजनीति का परिचय दिया है। गृहमंत्री की ओर से सदन में डॉ. आंबेडकर पर दिए गए बयान से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा की ओर से इस तरह के कृत्य किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के नेताओं पर ही नहीं, देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला किया है। कांग्रेस इसका मजबूती से जवाब देगी। वरिष्ठ नेता राजेंद्र टंगड़िया ने आंबेडकर पर दिए गए बयान को भाजपा की मनोदशा से जोड़ा। पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल ने कहा कि भाजपा नेताओं से राहुल गांधी को बदनाम करना बंद करना चाहिए और गृह मंत्री को तत्काल देश से माफी मांगते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस मौके पर अंकुर उपाध्याय, गोकुल परिहार, भीम कुमार, रोहित खैर, जयदीप कुमार, दिव्यांशु पिंडारी,दर्शन जोशी आदि मौजूद रहे।