बागेश्वर जिले के कपकोट में 450 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए दो तस्कर कोर्ट लाते समय पुलिस की पकड़ से भाग गए। एक को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दूसरे का पता नहीं चल सका। पुलिस टीम सरयू नदी और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन कर रही है। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। कपकोट पुलिस ने मंगलवार को साहिल (23) निवासी वार्ड नंबर एक स्नोव्यू नैनीताल और रोहित कुमार (21) निवासी राजमहल कंपाउंड, मल्लीताल, नैनीताल को 450 ग्राम चरस के साथ पकड़ा था। बुधवार को पुलिस कर्मी दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए बागेश्वर ला रहे थे। बताया जा रहा है कि झटक्वाली के पास एक कॉजवे के समीप वाहन की रफ्तार धीमी हुई तो दोनों कूदकर भाग गए। कुछ देर बाद पुलिस ने आरोपी साहिल को पकड़ लिया लेकिन रोहित का पता नहीं चल सका। पुलिस ने साहिल को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।