टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन निर्माण की मांग के लिए संघर्ष समिति आगामी उत्तरायणी मेले में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। अलग-अलग स्थानों पर समिति के कार्यकर्ता जिलेवासियों से आंदोलन को धार देने के लिए समर्थन जुटाएंगे। लोगों के हस्ताक्षर किए गए पन्नों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा। रविवार को रेल निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने तहसील परिसर में केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष नीमा दफौटी ने कहा कि अंग्रेजों के शासन काल में जिस रेल लाइन की सर्वे हुई थी, आजादी के 79 साल बाद भी उसका निर्माण नहीं हो सका है। केंद्र और राज्य सरकारें सामरिक महत्व के इस परियोजना की लगातार अनदेखी कर रही हैं। सरकारें सर्वे से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। कहा कि अब आंदोलन में जिलेवासियों को व्यापक सहयोग देना होगा। बताया कि जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए मेले के दौरान नगर के अलग-अलग जगहों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। लोगों को रेल लाइन निर्माण के संघर्ष से जुड़ने और सरकार तक पुरजोर तरीके से अपनी मांग पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस मौके पर केशवानंद जोशी, चरण सिंह बघरी, गीता रावल, सरस्वती गैलाकोटी, कमला देवी, शीला कोरंगा, बीडी जोशी, हरीश सोनी आदि मौजूद रहे।