छलड़ी पर अल्मोड़ा जिले में लोगों ने जमकर रंगों से होली खेली। एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और रंगों की बौछार की। गांवों में घर-घर जाकर होली का गायन किया गया। नगर में मोहल्लों में घर-घर जाकर होली का टीका लगाया गया। बुधवार को छरड़ी पर सुबह से ही लोग घरों से निकल गए और घर-घर जाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। नगर क्षेत्र में जगह-जगह होली गायन हुआ। मोहल्लों में होल्यारों के दल नाचते गाते रहे। होल्यारों की टोली ने घर-घर जाकर हो-हो होलक रे-आज का बसंत कैका घरा, उनर पूत परिवार, जीवो लाख सौ बरसा, बरस दिवाली बरसै फाग जो नर जीवे खेले आज, रंग की गागर सिर पै धरे आज कन्हैया रंग भरे... आदि होली का गायन किया गया। गांवों में घर-घर जाकर होली का गायन किया गया। आज की होली न्है गे छ अब फागुन ऊलो कै गे छ.. होली गाकर होली को विदा किया गया। लोगों ने एक दूसरे को टीका लगाकर सुख समृद्धि की कामना की। टीके के साथ होली पर्व का समापन हो गया है। इससे पहले होलिका दहन किया गया। होल्यारों के लिए कई स्थानों पर लोगों ने आलू, छोले, हलवा आदि पकवान भी बनाए थे।