साप्ताहिक अवकाश के बाद जिला अस्पताल में रोगियों की भारी भीड़ उमड़ी। रोगियों की भीड़ बढ़ने से उन्हें इलाज कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। भीड़ बढ़ने से अस्पताल कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को जिला अस्पताल में ओपीडी 600 के पार पहुंची। यहां नेत्र रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, ईएनटी और चर्म रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर लोगों को इलाज कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में अधिकतर रोगी बुखार, खांसी, जुकाम और बदन दर्द, एलर्जी के पहुंचे। अस्पताल में रक्त जांच और अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर भी लोगों की भीड़ लगी रही। भीड़ अधिक होने के कारण 20 से अधिक मरीजों को लौटना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इलाज के लिए आए रोगियों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्हें अस्पताल में मौजूद हर सुविधा का लाभ दिया जाता है।