2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी छोड़ने की अटकलों के बीच सांसद वरुण गांधी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने लोकसभा क्षेत्र पीलीभीत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमरिया के गांव सुस्वार, करगैना, जोशी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नेताओं को अगले चुनाव के लिए नहीं अगली पीढ़ी के लिए राजनीति करनी चाहिए। वरुण गांधी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह अंदर तक खाता जा रहा है। आलम यह है कि पोस्टमार्टम कराने के लिए भी रिश्वत देनी पड़ती है। ऐसा तब है जब देश की आजादी के लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां दी। कोशिश थी कि देश में ऐसा सिस्टम लागू हो, जिससे लोग स्वतंत्र होकर तरक्की कर सकें।