वाराणसी। अमर वीर योद्धाओं की स्मृति में गंगा सेवा निधि की ओर से मंगलवार को दशाश्वमेध घाट पर आकाशदीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्था पिछले 27 वर्षों से कार्तिक मास में देश के वीर शहीदों की याद में आकाशदीप जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। इस वर्ष कार्यक्रम का समापन 24 नवंबर को देव दीपावली महोत्सव के साथ होगा। इस अवसर पर शहीदों को भगीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना और देशभक्ति गीतों से हुई। इस दौरान गंगा सेवा निधि के संस्थापक स्वर्गीय पं. सत्येंद्र मिश्र को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद देश की रक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया गया। सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, भारतीय थल सेना, वायु सेना, सीआईएसएफ, रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस के बलिदानी जवानों की स्मृति में आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए गए।