वाराणसी। शिव तांडव की धुन पर नृत्य करते भगवान शिव के स्वरूप, रौद्र स्वरूप में राक्षसों का संहार करती महाकाली। रास रचाते भगवान कृष्ण और गोपियों की झांकियां हर किसी को अपनी तरफ खींच रही थीं। रविवार की रात में चांदपुर रामलीला समिति की ओर से विजयादशमी का महापर्व मनाया गया। इस दौरान मध्यरात्रि में रावण दहन के साथ ही लाग विमान निकाले गए। चांदपुर रामलीला समिति के विजयदशमी मेले में 60 से अधिक लाग विमान, झांकी, डी जे, ढोल, काली मां का चेहरा, अघोरी, राधा किशन, महिषासुर मर्दनी, शिव तांडव, मसाने की होली, शंकर पार्वती के लाग विमान निकाले गए। लाग विमान ज्ञानपुर,भदोही के साथ ही बनारस से पहुंचे थे। रावण दहन रात 11:30 बजे किया। इस दौरान रामलीला समिति के उपकोषाध्यक्ष अनिल पटेल, पूर्व ग्राम प्रधान आर डी यादव, रामाश्रय पाल, गंगा राम पटेल, विजय गुप्ता मौजूद रहे।