आईएमएस बीएचयू के वार्षिक उत्सव एलिक्जर 2024 के तहत रविवार को आयोजित मैराथन में रेजिडेंट्स के साथ ही अन्य संकायों के छात्रों ने दौड़ लगाई और लोगों को अच्छी सेहत का संदेश दिया। आईएमएस गेट से निकलकर रेजिडेंट्स और छात्र बीएचयू स्वास्थ्य केंद्र, आईआईटी कंप्यूटर सेंटर होते हुए वापस आईएमएस गेट पर पहुंचे। एलिक्जर में खेलकूद के साथ ही सांस्कृतिक, साहित्यिक प्रतिस्पर्धाओं में मेडिकल छात्र-छात्रा बढ़चढ़कर भागीदारी करते हैं। रविवार को आईएमएस गेट पर मैराथन का शुभारंभ निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने फीता काटकर किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ में शामिल लोगों को रवाना किया। इसमें विश्वविद्यालय के अन्य संकायों के छात्रों ने भी भागीदारी की। मैराथन के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. एके खन्ना, डॉ. ममता, डॉ. एसपी मिश्रा समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।