रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में मंदिर न्यास द्वारा विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचबदन प्रतिमा के साथ माता पार्वती तथा बाल स्वरूप भगवान गणेश जी का आकर्षक शृंगार संपन्न किया गया। तत्पश्चात मंदिर परिसर में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण जी के विग्रह के समीप नव-निर्मित कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत प्रतिष्ठा संपन्न की गई। संपूर्ण अनुष्ठान आचार्यों के मार्गदर्शन में शास्त्रीय परंपरा के अनुरूप संपन्न हुआ। प्रतिमा को विधिपूर्वक पुष्पों और रुद्राक्ष की मालाओं से अलंकृत किया गया तथा पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पावन अवसर पर दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ। रंगभरी एकादशी के इस पावन पर्व पर संपन्न यह प्रतिष्ठा समारोह भक्तों के लिए विशेष प्रेरणादायी रहा।